
आज 21 सितंबर को साल 2025 का आखिरी सूर्य ग्रहण लगेगा. खासकर खगोल प्रेमी ग्रहण को देखने की काफी रुचि रखते हैं और इसे देखने के लिए लालायित रहते हैं. लेकिन आज 21 सितंबर को लगने वाला ग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा.

सूर्य ग्रहण आज रात करीब 11 बजे लगेगा और देर रात साढ़े तीन बजे समाप्त हो जाएगा. ग्रहण को ऑस्ट्रेलिया के दक्षिणी भाग, न्यूजीलैंड, फिजी, अंटार्कटिका, प्रशांत महासागर और अटलांटिक महासागर में देखा जा सकेगा, लेकिन भारत में नहीं. आइये जानते हैं आखिर इसका क्या कारण है.

जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीध में आते हैं, तो चंद्रमा अपनी छाया पृथ्वी पर डालता है. लेकिन यह छाया हमेशा पूरी पृथ्वी पर नहीं पड़ती, बल्कि केवल कुछ खास क्षेत्रों में ही दिखाई देती है.

विज्ञान के अनुसार, जिस हिस्से पर चंद्रमा की पूर्ण या आंशिक छाया नहीं पड़ती, वहां सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देता. सूर्य ग्रहण का एक निश्चित पथ होता है, जो केवल कुछ देशों या महासागरों के ऊपर से गुजरता है. यदि यह पथ भारत से होकर नहीं गुजरता, तो यहां ग्रहण नहीं दिखेगा.

कई बार समय और दिन-रात के फर्क के कारण भी ग्रहण एक देश में तो दिखाई देता है लेकिन दूसरे देश में नहीं. आज भी जब ग्रहण लगेगा जतब भारत में रात रहेगा, तब सूर्य क्षितिज के नीचे होता है, इसलिए दिखाई नहीं देता.

इसके अलावा कभी-कभी ग्रहण तो होता है, लेकिन भारत से केवल बहुत हल्का आंशिक ग्रहण या बिल्कुल भी नहीं दिखता. यानी भारत में सूर्य ग्रहण तभी दिखेगा जब चंद्रमा की छाया (पूर्ण या आंशिक) भारत के भू-भाग पर पड़ेगी और उस समय यहां दिन होगी.
Published at : 21 Sep 2025 06:36 PM (IST)