12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति विवाद के केस में गुरुवार को अदालत ने संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने प्राइवेट प्रॉपर्टी की जानकारी शेयर करने से पहले नॉन-डिसक्लोजर एग्रीमेंट (NDA) में साइन करने की मांग की थी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, जस्टिस ज्योति सिंह ने प्रिया से पूछा, कितना कुछ सील किए हुए कवर में रखा जा सकता है? अदालत की कार्यवाही की भी एक सीमा होती है। मैं यह आदेश कैसे पारित करूं? मुझे वह फैसला दिखाइए जिसमें कहा गया हो कि आप गोपनीय रख सकती हैं,”
दरअसल, प्रिया कपूर ने अदालत में एक याचिका दाखिल की थी। इसमें उन्होंने संजय की दूसरी पत्नी और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों और संजय की मां रानी कपूर से एनडीए पर साइन करने का निर्देश देने की मांग की थी। प्रिया ने इस एनडीए को ‘साइबर सुरक्षा’ और अन्य मामलों के हित में बताया।
12 सितंबर को हाईकोर्ट ने प्रिया को निर्देश दिया था कि वे संजय की मृत्यु के दिन यानी 12 जून तक की सभी चल और अचल संपत्तियों की जानकारी शेयर करें।
सुनवाई के दौरान प्रिया ने कहा कि वह करिश्मा के बच्चों को संपत्ति की जानकारी शेयर करने से नहीं हिचकिचा रही हैं, लेकिन उन्होंने एनडीए पर हस्ताक्षर करने की शर्त रखी।
प्रिया ने कहा कि संपत्ति की जानकारी बहुत निजी है और दिखाने से नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा, “हर बात मीडिया में लीक हो रही है। कोर्ट के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना शर्मनाक है। जनता को बैंक डिटेल जैसी जानकारी क्यों मिले?”
वकील बोले- बैंक अकाउंट से रकम निकाल ली गई
वहीं, करिश्मा के बच्चों की ओर से पेश वकील ने कहा कि संजय के कथित वसीयतनामे में दर्ज बैंक अकाउंट से सारी रकम निकाल ली गई है। बच्चों ने प्रिया के एनडीए मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि एनडीए पर हस्ताक्षर करने से वसीयत से जुड़े सवाल उठाना मुश्किल हो जाएगा।
जस्टिस सिंह ने प्रिया को निर्देश दिया कि वे वसीयतनामा अदालत में जमा करें। उन्होंने कहा, “अगर सब कुछ सील लिफाफे में रहेगा तो लिखित जवाब कैसे दाखिल करेंगे और केस कैसे लड़ेंगे। कल आप लिखित बयान जमा करें और वसीयतनामा अटैच करें। जवाबी दायरियां कैसे दाखिल करेंगे?”
प्रिया अधिक समय मांग रही थीं। हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार के लिए रखी।
प्रिया पर वसीयत सात हफ्ते तक छिपाने का आरोप
बता दें कि संजय कपूर की मौत के बाद उनकी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों समायरा और कियान ने अपने पिता संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।
बच्चों ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर (संजय कपूर की तीसरी पत्नी) पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संजय कपूर की वसीयत में बदलाव किया और पूरी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की।
अपनी मां के माध्यम से दायर याचिका में बच्चों ने कहा कि जून 2025 में यूके में संजय कपूर के अचानक निधन के बाद, प्रिया कपूर ने उन्हें गलत तरीके से संपत्ति से बाहर रखा।
याचिका में प्रिया कपूर और उनके बेटे अजारियस, संजय कपूर की मां रानी कपूर और वसीयत की कथित निष्पादक श्रद्धा सूरी मारवाह को प्रतिवादी बनाया गया है।
विवाद का केंद्र 21 मार्च 2025 की वसीयत है, जिसमें कथित तौर पर संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर को दी गई।
प्रिया कपूर पर वसीयत सात हफ्ते तक छिपाने का आरोप
बच्चों ने दावा किया था कि प्रिया कपूर ने दो सहयोगियों, दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के साथ मिलकर वसीयत को सात हफ्ते तक छिपाया और 30 जुलाई 2025 को फैमिली मीटिंग में पेश किया।
याचिका में कहा गया था कि यह वसीयत नकली और बनाई गई है। दावा किया गया था कि वसीयत के असली डाक्यूमेंट्स या कोई कॉपी उन्हें नहीं दिखाए गए हैं।

करिश्मा और संजय की बेटी समायरा का जन्म 11 मार्च 2005 को हुआ। वहीं, बेटे कियान का जन्म 12 मार्च 2010 को हुआ।
संजय कपूर की सभी संपत्तियां फ्रीज करने की मांग की गई थी
बच्चों ने कोर्ट से आग्रह किया था कि उन्हें क्लास I लीगल हीर यानी कानूनी उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और पिता की संपत्ति में प्रत्येक को एक-पांचवां हिस्सा मिले।

अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक इस केस में कई लोग शामिल हैं। वादी करिश्मा कपूर और संजय कपूर के बेटी और बेटा हैं। अदालत में उनकी मां उनका प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
पहले और दूसरे प्रतिवादी संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और उनका छोटा बेटा हैं। ये दोनों रजोकरी में परिवार के फार्महाउस में रहते हैं। वहीं, तीसरे प्रतिवादी संजय की मां हैं, जो उसी फार्महाउस में रहती हैं।
चौथे प्रतिवादी श्रद्धा सूरी मारवाह हैं, जिन्होंने खुद को विवादित वसीयत का निष्पादक (पर्पोटेड एग्जीक्यूटर) बताया है।
बता दें कि श्रद्धा संजय की सहयोगी रही हैं। श्रद्धा ने ही जुलाई में दिल्ली के होटल में बैठक के दौरान वसीयत का खुलासा किया। इस दौरान करिश्मा व प्रिया मौजूद थीं।

श्रद्धा सूरी मारवाह सुब्रोस लिमिटेड की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
याचिका के अनुसार दस्तावेज इतनी तेजी से दिखाया गया कि उसे ठीक से पढ़ा या समझा नहीं जा सका। वसीयत को 7 हफ्तों तक छिपाने का आरोप भी लगा है।
संजय कपूर की मां ने लिखा था पत्र
वहीं, संजय की मौत के एक महीने बाद जुलाई में उनकी मां रानी कपूर ने कंपनी सोना कॉमस्टार और सेबी को चिट्ठी लिखी थी। चिट्ठी में उन्होंने बेटे के अचानक हुई मौत पर सवाल उठाए। साथ ही कई गंभीर आरोप भी लगाए। ये चिट्ठी सोना कॉमस्टार कंपनी की एनुअल जनरल मीटिंग के कुछ घंटे पहले लिखी गई थी।
रानी कपूर ने अपने लेटर में लिखा-

‘मैं, रानी कपूर, कंपनी की पूर्व अध्यक्ष और सोना कॉमस्टार (कंपनी) और सोना ग्रुप के फाउंडर स्वर्गीय डॉ. सुरिंदर कपूर की पत्नी हूं। मेरे दिवंगत पति द्वारा 30.06.2015 को बनाए गए वसीयत के अनुसार, मैं उनकी संपत्ति की एकमात्र लाभार्थी हूं और कंपनी सहित सोना समूह की बहुसंख्यक शेयरधारक भी हूं। जैसा कि आप जानते हैं, 12.06.2025 को मेरे बेटे श्री संजय कपूर का यूनाइटेड किंगडम में अत्यंत संदिग्ध और अस्पष्ट परिस्थितियों में दुखद निधन हो गया। जानकारी प्राप्त करने के बावजूद, मुझे घटना के बारे में कोई प्रासंगिक जवाब और दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं।
लेटर में आगे लिखा गया-

और मैं मीडिया द्वारा दी गई जानकारी और वर्जन तक ही सीमित हूं। कृपया ध्यान दें कि शोक की इस अवधि के दौरान, मुझसे कई बार संपर्क किया गया और बिना कोई स्पष्टीकरण दिए या उन्हें पढ़ने और समझने का समय दिए बिना ही विभिन्न दस्तावेजों पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया। अत्यधिक मेंटल और इमोशनल तनाव में होने के बावजूद, मुझे बंद दरवाजों के पीछे ऐसे डॉक्यूमेंट्स पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया और बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, इन डॉक्यूमेंट्स का विषय-वस्तु मुझे कभी नहीं बताई गई। कृपया यह भी ध्यान दें कि मुझे अपने बैंक अकाउंट्स तक पूरी तरह से पहुंच से वंचित कर दिया गया है और मुझे जीने के लिए कुछ चुनिंदा लोगों के रहमोकरम पर छोड़ दिया गया है। यह सब मेरे इकलौते बेटे के निधन के एक महीने से भी कम समय में हुआ है।’
…………..
करिश्मा कपूर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
करिश्मा कपूर की तारीफ में बोलीं एक्स ननद मंदिरा कपूर:वो एक बेहतरीन मां हैं, परिवार को बखूबी संभाल रखा है

करिश्मा कपूर के एक्स पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का निधन हो चुका है। दोनों की शादीशुदा जिंदगी काफी विवादों में रही थी। करिश्मा ने अपने पति संजय कपूर पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…