हांगझोउ1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मुमताज खान एशिया कप हॉकी 2025 में भारत की टॉप स्कोरर है। वे अब तक 6 गोल कर चुकी है।
2025 विमेंस हॉकी एशिया कप में भारत को पहली हार मिली है। गुरुवार को मेजबान चीन ने सुपर-4 स्टेज के मुकाबले में भारत को 4-1 से हरा दिया। इस हार के साथ भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल के दूसरे पायदान पर खिसक गई। वहीं चीन पहले स्थान पर आ गई। विमेंस हॉकी एशिया कप चीन के हांगझोउ शहर में खेला जा रहा है।
भारत की ओर से इकलौता गोल मुमताज खान ने किया। चीन से जो मिरोंग ने दो गोल दागे। वहीं चेन यंग और तान जिनझुआंग ने एक-एक गोल किया। भारत का अगला मैच जापान के खिलाफ शनिवार दोपहर 2:15 बजे से खेला जाएगा। अगर भारत को टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचना है तो टीम को हर हाल में यह मैच जीतना ही होगा।

पहले क्वार्टर में चीन ने बढ़त ली पहले क्वार्टर के तीसरे ही मिनट में चीन ने मुकाबले में बढ़त ले ली। टीम से जो मिरोंग ने गोल किया। चीन के लगातार अटैक की वजह से भारत के डिफेंस में चूक हुई। यहां चीन को फ्री हिट मिला और उन्होंने तेजी से अटैक किया। गेंद सर्कल में पहुंचकर गोल के सामने कट हुई।
डैन वेन का शॉट गोलकीपर बिचू ने रोक लिया, लेकिन रिबाउंड पर भारतीय डिफेंडर ज्योति क्लियर करने की कोशिश में चूक गईं और गेंद सीधे मिरोंग के पास चली गई। चीन की नंबर-18 खिलाड़ी जो मिरोंग ने आसानी से गेंद को गोलपोस्ट में भेज दिया।

पहले क्वार्टर में चीन ने एक गोल किया।
भारत पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सका मैच के 10वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। उदिता ने लो स्लैप शॉट मारी, लेकिन चीन की डिफेंडर ने उसे अच्छी तरह रोककर खतरा टाल दिया। इसके बाद नवनीत को शॉट का मौका मिला, जिससे पहले पेनल्टी कॉर्नर दिया गया था, लेकिन चीन ने रिव्यू लेकर फैसला पलटवा दिया।
कुछ देर बाद भारत ने मिडफील्ड में गेंद छीनी और शानदार मूव बनाया। नवनीत ने दाएं छोर पर कप्तान सलीमा को पास दिया। सलीमा से गेंद सियामी तक पहुंची, जिन्होंने शानदार स्किल दिखाकर शॉट लगाया, लेकिन चीनी गोलकीपर वू सुरोंग ने बेहतरीन बचाव कर लिया।

नवनीत ने लगातार चीन के डिफेंस में अटैक किया, लेकिन गोल नहीं दाग सकीं।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकी भारत और चीन की टीम दूसरे क्वार्टर में गोल नहीं कर सकी। इस क्वार्टर में भारत ने शानदार खेल दिखाया और लगातार 2 मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। लेकिन टीम यहां भी गोल नहीं कर सकी। हाफ टाइम तक स्कोर चीन के पक्ष में 1-0 रहा।
तीसरे क्वार्टर में यंग ने बढ़त दोगुनी की तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में चीन ने गोल दागकर बढ़त दोगुनी कर ली। भारतीय डिफेंडर वैष्णवी पहले हाफ में एक गलती से बच गई थीं, लेकिन इस बार उनकी चूक का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। उन्होंने गेंद को जोर से आगे मारकर चीनी प्रेस तोड़ने की कोशिश की, लेकिन शॉट ब्लॉक हो गया और गेंद सीधे चीन की चेन यांग के पास पहुंच गई। चेन ने आसानी से गोलकीपर बिचू के पैरों के बीच से गेंद डालकर स्कोर 2-0 कर दिया।
मुमताज ने भारत के लिए एकमात्र गोल किया चीन से दूसरा गोल खाने के बाद भारत ने चीनी डिफेंस पर लगातार अटैक किया और इसका फायदा टीम को मिला। 37वें मिनट में मुमताज खान ने सर्कल के किनारे से जोरदार रिवर्स हिट लगाई और चीन, जिसने अब तक टूर्नामेंट में गोल नहीं खाया था, मुमताज के शॉट से बच नहीं पाया।
यह अटैक भारत ने डिफेंस से शुरू किया। वैष्णवी ने सीधा पास मिडफील्ड पर नेहा को दिया। नेहा ने शानदार थ्रू बॉल सियामी को दी, जो दाई ओर दौड़ रही थीं। सियामी ने तुरंत क्रॉस पास मुमताज तक पहुंचाया। मुमताज ने मुश्किल पोजिशन से बेहतरीन स्ट्राइक करते हुए गोल दागा और स्कोर 2-1 कर दिया।
आखिरी क्वार्टर में चीन ने 2 गोल दागे मैच के आखिरी और चौथे क्वार्टर में चीनी टीम ने 2 गोल दाग दिए। 49वें मिनट में तान जिनझुआंग का लो फ्लिक शॉट भारतीय डिफेंडर से डिफ्लेक्ट होकर गोलकीपर बिचू के ऊपर चला गया और सीधे गोल में समा गया। इस गोल के साथ भारत की वापसी की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं।
मैच के आखिरी समय 55वें मिनट में गोल की तलाश में भारत ने डिफेंस में ज्यादा जगह छोड़ दी, जिसका चीन ने फायदा उठाया। मिडफील्ड से काउंटर अटैक शुरू हुआ और ली होंग ने दाई ओर बेहतरीन रन बनाते हुए गेंद को जो मिरोंग के पास पहुंचा दिया। मिरोंग ने गेंद को आसानी से स्वीप कर गोल कर दिया। यह उनका इस मैच में दूसरा गोल था।

मिरोंग एशिया कप हॉकी 2025 की टॉप स्कोरर हैं, वे अब तक 10 गोल दाग चुकी हैं।