पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का घर, गुरुद्वारे में अरदास करते ग्रामीण और जानकारी देते सरपंच हरप्रीत सिंह।
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की नाजुक हालत से उनका लुधियाना स्थित पैतृक गांव पौना के लोग सदमे में हैं। 27 सितंबर को जैसे ही जवंदा के बारे में पता चला तो घर-घर अरदास शुरू हो गई। लोग गुरुद्वारा साहिब पहुंच गए। इसके बाद अब जवंदा की सलामती के लिए लोगों ने स
.
दैनिक भास्कर एप की टीम गांव पौना पहुंची तो जवंदा का पैतृक घर बंद मिला। गांव के ज्यादातर लोग मोहाली में ही डटे हुए हैं, जहां के फोर्टिस अस्पताल में जवंदा 3 दिन से एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

राजवीर जवंदा एक कार्यक्रम के दौरान गाना गाते हुए।- फाइल
जवंदा के कॉन्स्टेबल से सिंगर बनने और स्टेज पर पिता की मौत की सूचना जैसे कई अनसुनी घटनाओं से जुड़ी ये ग्राउंड रिपोर्ट पढ़िए…
दूरदर्शन टीम से पहली तारीफ मिली गांव पौना में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी गुरमीत सिंह मिले। गुरमीत बताते हैं- जब राजवीर छोटा था तो उनकी मां परमजीत कौर गांव की सरपंच हुआ करती थीं। तब दूरदर्शन की टीम मेरा पिंड–मेरा खेत की शूटिंग करने गांव में आई। उसकी कुछ शूटिंग राजवीर के घर भी हुई। तब दूरदर्शन की टीम के सामने राजवीर ने 2 लाइनें गाईं तो टीम के सदस्यों ने उसे शाबाशी दी और कहा कि तेरी आवाज अच्छी है। वहीं से उसका सिंगिंग की तरफ झुकाव हुआ। उसने रियाज शुरू कर दिया।

मां परमजीत कौर के साथ राजवीर जवंदा की फोटो।- फाइल
पंजाबी यूनिवर्सिटी से MA किया राजवीर ने जगराओं के सन्मति विमल जैन स्कूल से स्कूली पढ़ाई की। फिर जगराओं के DAV कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद पढ़ाई के लिए पटियाला गए। जहां पंजाबी यूनिवर्सिटी से थिएटर एवं टेलीविजन में MA की डिग्री हासिल की।
पिता पुलिस में थे, खुद भी कॉन्स्टेबल भर्ती हुए राजवीर के पिता कर्म सिंह पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर थे। इसलिए राजवीर का झुकाव भी पंजाब पुलिस की तरफ हुआ। राजवीर 2011 में पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के तौर पर भर्ती हुए। उन्होंने जगराओं में ड्यूटी भी की। मगर, सिंगिंग का शौक भी बरकरार रहा। करीब 8 साल बाद 2019 में जब राजवीर को लगा कि अब सिंगिंग में करियर की लाइन क्लियर है तो उन्होंने पुलिस की नौकरी छोड़ दी।

राजवीर जवंदा 2011 में पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के तौर पर भर्ती हुए थे।
स्टेज पर मिली थी पिता की मौत की सूचना, फिर भी गाते रहे साल 2020-21 में जब दिल्ली बॉर्डर पर किसान आंदोलन हुआ तो राजवीर भी किसानों के समर्थन में पहुंचे। यहां राजवीर आंदोलन में बैठे किसानों के लिए स्टेज पर मुफ्त गाने गाते थे। एक दिन जब वे गाना गा रहे थे तो उनके पिता की मौत हो गई। उसी वक्त उन्हें सूचना दी गई लेकिन राजवीर कार्यक्रम खत्म होने तक स्टेज पर गाना गाते रहे। परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद राजवीर ने सबको पिता के निधन की बात बताई और तेजी से पिता के अंतिम संस्कार के लिए गांव निकल गए।
गांव के बच्चों के लिए मिठाइयां लाते ग्रंथी गुरमीत सिंह बताते हैं कि राजवीर जवंदा या उसके परिवार का कोई भी सदस्य गांव आता तो गुरुद्वारा साहिब में अरदास करने जरूर आते हैं। राजवीर अक्सर दिन के समय गुरुद्वारा साहिब में आते हैं और मिठाइयां व अन्य खाने की चीजें लेकर आते। अरदास करने के बाद वो कहते थे इसे बच्चों को बांट देना। उनका बच्चों से विशेष लगाव है।

ग्रंथी गुरमीत सिंह ने बताया कि जवंदा का बच्च्चों से विशेष लगाव है।
बाबा रोडू से मन्नत मांगी, जवंदा ठीक हुए तो शराब की बोतल चढ़ाएंगे गांव के जसबीर सिंह ने कहा- मेरी नानी का जवंदा के घर बहुत आना-जाना है। उन्हें जब पता चला तो उसकी नानी भी जवंदा की मां से मिलकर आई है। जवंदा ने हमेशा जरूरतमंदों का साथ दिया है। उनके परिवार ने बाबा रोडू शाह के दरबार में मन्नत मांगी है कि बाबा जी जवंदा को ठीक करदे तो वह दरबार में शराब की बोतल चढ़ाएंगे।
हादसे को लेकर सरपंच ने 4 अहम बातें बताईं
- 27 लाख की BMW बाइक में हुआ हादसा: सरपंच हरप्रीत सिंह ने बताया कि राजवीर को बाइक राइडिंग बहुत पसंद थी। राजवीर ने कुछ महीने पहले ही 27 लाख की नई BMW बाइक खरीदी थी। सोशल मीडिया पर भी उसने फैंस के लिए यह जानकारी शेयर की। एक गाने में भी उसे यूज किया। इसी बाइक में शिमला जाते वक्त उसके साथ हादसा हुआ।
- फर्स्ट एड के लिए दो अस्पतालों में ले गए: सरपंच हरप्रीत सिंह ने बताया कि राजवीर और उसके दोस्त 5 बाइक पर सवार थे। राजवीर के आगे और पीछे 2–2 बाइक वाले थे। इसी दौरान सांड लड़ते हुए आए। उनसे बचने के चक्कर में राजवीर की बाइक गाड़ी से टकरा गई। जिससे सिर और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद राजवीर को 2 अस्पतालों में फर्स्ट एड के लिए ले जाया गया।

सरपंच हरप्रीत सिंह के साथ राजवीर की फोटो। फाइल
- फेक वीडियो व फोटो हो रहे वायरल: गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद जवंदा को जब मोहाली लाया गया तो वो उसी दिन रात से वहां हैं। उन्होंने बताया कि अंदर किसी को भी मोबाइल ले जाने की परमिशन नहीं है ऐसे में फोटो व वीडियो बाहर आना संभव ही नहीं है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जो फोटो व वीडियो दिखा रहे हैं वो सभी फेक हैं।
- दादा–पिता का निधन हो चुका, जवंदा के 2 बच्चे: सरपंच हरप्रीत ने बताया कि राजवीर के दादा सौदागर सिंह और पिता रिटायर्ड ASI कर्म सिंह का निधन हो चुका है। दादी सुरजीत कौर और पूर्व सरपंच मां परमजीत कौर जवंदा के साथ ही रहती हैं। जवंदा की पत्नी अशविंदर कौर के अलावा 2 बच्चे, बेटी हेमंत कौर और बेटा दिलावर सिंह हैं। जवंदा की एक बहन कमलजीत कौर भी है।

राजवीर जवंदा बाइक चलाने के शौकीन हैं। अकसर वह अपनी मोटरसाइकिल पर लंबे- लंबे टूर पर जाते रहते हैं।
राजवीर जवंदा की सिंगिंग जर्नी के बारे में जानिए…
- मुंडा लाइक मी से शुरुआत, बुट्टर संग कोलेब किया: गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह बताते हैं कि राजवीर ने जब एजुकेशन पूरी की तो उसके बाद पुलिस अफसर बनने के लिए सिंगिंग छोड़ दी थी। मगर, यह शौक ज्यादा दिन तक दबा नहीं रहा। 2014 में राजवीर ने अपनी मुंडा लाइक मी के नाम से सोलो एल्बम निकाली। यहीं से सिंगिंग करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद हिट म्यूजिक सखियां के लिए जाने जाते सिंगर मनिंदर बुट्टर के साथ कोलेबोरेशन किया। दोनों ने साथ में गीत ‘वैर’ रिकॉर्ड किया।
- कली जवंदे दी से मिली पहचान, मुकाबला से हिट हुए: साल 2016 में राजवीर ने कली जवंदे दी एल्बम निकाली। जिससे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्हें पहचान मिली। इसके अगले ही साल मुकाबला सॉन्ग से वह हिट हो गए। इसके बाद पटियाला शाही पग, केसरी झंडे, शौकीन, लैंडलॉर्ड, सरनेम समेत उनके कई हिट सॉन्ग आए। 2017 में माही शर्मा के साथ उनके कंगणी सॉन्ग सबसे ज्यादा पॉपुलर हुआ।
- एक्टिंग में भी कामयाबी मिली: सिंगिंग में करियर चमकने के बाद राजवीर ने एक्टिंग में हाथ आजमाया। 2018 में पंजाबी फिल्म सूबेदार जोगिंदर सिंह से डेब्यू किया, जिसमें सिपाही बहादुर सिंह का किरदार निभाया। इसके बाद काका जी, जिंद जान, मिंदो तहसीलदारनी, सिंकदर टू जैसी कई फिल्मों में एक्टिंग की।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाबी सिंगर जवंदा की हालत में चौथे दिन मामूली सुधार:अब भी वेंटिलेटर पर, 3 लाइफ सपोर्ट मशीनें हटाईं; सिर-रीढ़ में गंभीर चोटें

हरियाणा के पिंजौर में सड़क हादसे का शिकार हुए पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की हालत में कुछ सुधार देखा गया है। फोर्टिस मोहाली के डॉक्टर्स के मुताबिक, चार लाइफ सपोर्ट मशीनों में से तीन हटाई जा चुकी हैं, लेकिन वह अब भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और होश में नहीं आए हैं। पूरी खबर पढ़ें…