स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अभिषेक शर्मा ने 2024 में भारत के लिए टी-20 डेब्यू किया था। वे एक ही साल में टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए।
भारत के लेफ्ट हैंड बैटर अभिषेक शर्मा को ICC ने सितंबर का ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड दिया है। पिछले महीने टी-20 एशिया कप में उन्होंने ओपनिंग करते हुए भारत को 7 में से 6 मुकाबलों में तेज और मजबूत शुरुआत दिलाई थीं। 314 रन बनाने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला था।
कुलदीप और ब्रायन बेनेट को पीछे छोड़ा अभिषेक शर्मा ने ICC के मंथली अवॉर्ड की रेस में भारत के ही चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के ओपनिंग बैटर ब्रायन बेनेट को पीछे छोड़ा। कुलदीप ने भी एशिया कप में ही 17 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं बेनेट ने टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में शतक लगाया था।

अभिषेक बोले- अवॉर्ड पाकर खुश हूं अवॉर्ड जीतने के बाद अभिषेक ने ICC से कहा, ‘अवॉर्ड जीतकर अच्छा लग रहा है। खुश हूं कि अहम मुकाबलों में परफॉर्मेंस के बाद यह अवॉर्ड मिला। मैं उस टीम का हिस्सा बनकर खुश हूं, जो किसी भी सिचुएशन में जीतने का दम रखती है। टी-20 में बेहतरीन रिकॉर्ड टीम के पॉजिटिव माइंडसेट को दर्शाता है। मैं टीम मैनेजमेंट को धन्यवाद देता हूं।’
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ फिफ्टी लगाई एशिया कप 2025 में चैंपियन टीम इंडिया ने 7 मैच खेले। 6 मुकाबलों में अभिषेक शर्मा ने 30 से ज्यादा रन बनाए। 3 बार उन्होंने फिफ्टी भी लगाईं। इनमें पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 स्टेज के मैच में 74 और बांग्लादेश के खिलाफ 75 रन की पारी भी शामिल रहीं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा बाउंड्री भी लगाईं। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा।

अभिषेक टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक टी-20 बैटर्स की ICC रैंकिंग में नंबर-1 पर भी हैं। वे टी-20 रैंकिंग इतिहास में सबसे ज्यादा 931 पॉइंट्स हासिल करने वाले बल्लेबाज भी बने थे। एशिया कप में प्रदर्शन के दम पर ही वे इस रेटिंग तक पहुंच सके थे। उनसे पहले इंग्लैंड के डेविड मलान के नाम यह रिकॉर्ड था, जिन्होंने 2020 में 919 पॉइंट्स हासिल किए थे। भारत से अभिषेक के अलावा सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ही 900 प्लस रेटिंग पॉइंट्स तक पहुंच सके हैं।
टी-20 में 2 शतक टी-20 इंटरनेशनल में अभिषेक के नाम 196.07 के स्ट्राइक रेट से 849 रन हैं। वे 24 ही मुकाबलों में 5 फिफ्टी और 2 शतक लगा चुके हैं। उन्होंने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया था। वे IPL में 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के साथ ओपनिंग करते हैं।

अभिषेक शर्मा IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में टी-20 खेलेंगे अभिषेक अभिषेक शर्मा फिलहाल अपनी घरेलू क्रिकेट टीम पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहे हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की टी-20 टीम में भी चुना गया है। सीरीज 29 अक्टूबर से कैनबेरा के मनुका ओवल स्टेडियम से शुरू होगी। जो 8 नवंबर तक चलेगी, आखिरी मुकाबला ब्रिसबेन के द गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा।
गूगल पर ट्रेंड कर रहे अभिषेक शर्मा सितंबर में एशिया कप परफॉर्मेंस के बाद से ही अभिषेक शर्मा गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं। इसी महीने उनकी बहन की शादी भी ट्रेंडिंग टॉपिक रही। अब ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने के बाद उन्हें इंटरनेशनल और भी ज्यादा सर्च किया जा रहा है। नीचे देखें गूगल ट्रेंड्स…

———————–
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
विराट कोहली दिल्ली पहुंचे, कल ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे

भारतीय टीम 15 अक्टूबर को दो बैच में दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी। एक बैच सुबह और एक शाम को उड़ान भरेगा। विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौर पर जाने के लिए भारत पहुंच गए हैं। विराट मंगलवार की सुबह लंदन से दिल्ली पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर…