स्पोर्ट्स डेस्क10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारत ने बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ 41 रन की जीत के साथ एशिया कप के फाइनल में एंट्री कर ली। तीसरी बार टी-20 फॉर्मेट में हो रहे एशिया कप के फाइनल में भारत ने दूसरी बार जगह बनाई। लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के टॉप विकेट टेकर बन गए।
टीम इंडिया मौजूदा एशिया कप में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाली टीम बन गई। वहीं टीम ने बांग्लादेश को टी-20 इंटरनेशनल में 17वीं बार हरा दिया। अभिषेक शर्मा 2024 के बाद से 58 टी-20 छक्के लगा चुके हैं। जो फुल मेंबर्स नेशंस के प्लेयर्स में सबसे ज्यादा हैं।
1. मुस्तफिजुर बांग्लादेश के टॉप टी-20 विकेट टेकर बांग्लादेश के लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान ने भारत के खिलाफ 33 रन देकर 1 विकेट लिया। पारी में इकलौते विकेट के साथ उनके टी-20 इंटरनेशनल में 150 विकेट भी पूरे हो गए। इसी के साथ वे टी-20 में बांग्लादेश के टॉप विकेट टेकर भी बन गए। मुस्तफिजुर ने स्पिनर शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ा। जिनके नाम 149 विकेट थे।

2. एशिया कप में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाली टीम इंडिया मौजूदा एशिया कप में 8 टीमों ने हिस्सा लिया। 16 मैच खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाली टीमों में भारत पहले नंबर पर है। टीम ने 5 मुकाबलों में 12 कैच छोड़े हैं। बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने 5 कैच छोड़े। भारत के बाद हॉन्ग कॉन्ग ने 3 मैच में 11 कैच छोड़े हैं।

भारत ने एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा 12 कैच छोड़े हैं।
3. एशिया कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम टी-20 और वनडे फॉर्मेट मिलकर भारत ने एशिया कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। टीम के नाम 70 मुकाबलों में 48 जीत हो गई। भारत ने श्रीलंका को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 71 मुकाबलों में 47 जीत हैं। 50 से ज्यादा मैच खेलने वाली टीमों में भारत ने सबसे कम 19 मुकाबले ही गंवाए हैं। श्रीलंका 24 हार के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है।

टीम इंडिया एशिया कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई।
4. भारत ने बांग्लादेश को 17वीं बार हराया टी-20 इंटरनेशनल में भारत ने बांग्लादेश को 18 टी-20 मुकाबलों में 17वीं बार हरा दिया। बांग्लादेश को टीम इंडिया के खिलाफ इकलौती टी-20 जीत नवंबर 2019 में नई दिल्ली के मैदान पर मिली थी। तब बांग्लादेश ने भारत को 7 विकेट से हराया था।

बांग्लादेश ने टी-20 में भारत को 2019 के बाद से हराया नहीं है।
5. दुबई में 7 साल बाद फुल मेंबर टीम 170 से कम चेज करते हुए हारी बांग्लादेश की टीम दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत के खिलाफ 169 रन का टारेगट नहीं हासिल कर सकी। दुबई में 2018 के बाद 2 फुल मेंबर देशों के बीच हुए मैच में ऐसा पहली बार हुआ। आखिरी बार न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ नवंबर 2018 में 167 रन का टारगेट नहीं हासिल कर पाई थी।

6. अभिषेक शर्मा से जुड़े 8 फैक्ट्स
- जुलाई 2024 में टी-20 डेब्यू के बाद से अभिषेक 21 पारियों में भारत के लिए 58 छक्के लगा चुके हैं। वे भारत के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले प्लेयर्स में 7वें नंबर पर हैं।
- अभिषेक के डेब्यू के बाद से ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह (99 छक्के) और UAE के मुहम्मद वसीम (60 छक्के) ही उनसे ज्यादा सिक्स लगा पाए हैं। फुल मेंबर नेशंस में दूसरे नंबर पर संजू सैमसन (37 छक्के) हैं।
- अभिषेक टी-20 इंटरनेशनल में हर 6.83 बॉल पर एक छक्का लगा देते हैं। 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले 153 प्लेयर्स में वे सेकेंड बेस्ट हैं। जिब्राल्टर के कायरन स्टाग्नो 6.61 बॉल प्रति सिक्स के साथ टॉप पर हैं। फुल मेंबर देशों में वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल 7.21 बॉल प्रति सिक्स के साथ दूसरे नंबर हैं।
- अभिषेक हर पारी में औसतन 2.76 छक्के लगाते हैं। 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर्स में अभिषेक दूसरे नंबर पर हैं। करणबीर सिंह औसतन 3.14 छक्के लगाकर टॉप पर हैं। उन्होंने 36 पारियों में 113 सिक्स लगाए हैं। फुल मेंबर देशों में एविन लुईस (2.13) दूसरे नंबर पर हैं।
- अभिषेक शर्मा ने छठी बार पारी में 5 या उससे ज्यादा छक्के लगाए। भारतीय प्लेयर्स में रोहित शर्मा (13 बार) और सूर्यकुमार यादव (9 बार) ही उनसे आगे हैं।
- अभिषेक पावरप्ले में 32 छक्के लगा चुके हैं। शुरुआती 6 ओवरों में उनसे ज्यादा छक्के 3 और भारतीय ही लगा सके हैं। अभिषेक ने 7 से 15 ओवरों के बीच 23 छक्के और आखिरी 5 ओवरों में 3 सिक्स लगाए हैं।
- अभिषेक ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ 246 बॉल पर 33 छक्के लगाए हैं। यानी हर 7.46 बॉल पर एक सिक्स। वहीं स्पिनर्स के खिलाफ उन्होंने हर छठी बॉल पर एक छक्का लगाया है।
- अभिषेक ने महज 331 गेंद पर अपने 50 टी-20 इंटरनेशनल छक्के पूरे कर लिए। उन्होंने अपना 50वां सिक्स पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था। अभिषेक ने 50 टी-20 छक्के मारने के लिए दुनिया में सबसे कम गेंदें लीं।
